बेबी जॉन का नया पोस्टर हुआ रिलीज, वरुण धवन के खतरनाक अवतार ने किया हैरान

नई दिल्ली। बदलापुर, कलंक, दिलवाले जैसी फिल्मों के बाद एक बार फिर वरुण धवन एक्शन अवतार में नजर आने वाले हैं। फैंस के बीच क्रेज इसलिए और भी ज्यादा है, क्योंकि वह 'जवान' डायरेक्टर एटली की एक्शन थ्रिलर 'बेबी जॉन' में हैं। 'बेबी जॉन' को लेकर काफी समय से बज बना हुआ था। हाल ही में, एटली ने फिल्म के टाइटल के साथ धमाकेदार टीजर जारी कर अपनी अपकमिंग ब्लॉकबस्टर की एक झलक दिखाई थी। एक मिनट के वीडियो में वरुण धवन के इंटेंस लुक ने फैंस के होश उड़ा दिए थे।

बुधवार को वरुण धवन ने अपनी आगामी फिल्म 'बेबी जॉन' से एक और पोस्टर शेयर कर दिया है। इस पोस्टर ने फैंस के बीच क्रेज पहले से और बढ़ा दिया है। खूंखार नजरों और हाथ में हथियार लिए वरुण धवन का ये अवतार शायद आपने पहले कभी नहीं देखा होगा। बैकग्राउंड में एक खूंखार विलेन दिख रहा है। इसे देख पक्का आपकी रूह कांप जाएगी।

इसे शेयर करते हुए 'बवाल' एक्टर ने कैप्शन में लिखा, "कसकर पकड़ें, यात्रा उग्र होने वाली है।" एटली निर्मित फिल्म का पोस्टर देख फैंस जमकर रिएक्शन दे रहे हैं। अर्जुन कपूर ने भी इस पर कमेंट किया है। एक्टर ने लिखा, "मास मसीहा।" वहीं, यूजर्स भी इसे काफी पसंद कर रहे हैं।

एटली की मच अवेटेड फिल्म 'बेबी जॉन' के निर्देशन का जिम्मा कलीस ने संभाली है। फिल्म का निर्माण एटली, मुराद खेतानी, एटली और ज्योति देशपांडे ने किया है। फिल्म में वरुण धवन के साथ साउथ एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश और पंजाबी एक्ट्रेस वामिका गब्बी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। कीर्ति का बॉलीवुड में डेब्यू है। यह फिल्म 31 मई 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।