मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना को दी गयी भावभीनी विदाई

बहराइच। मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना का स्थानान्तरण हो जाने के फलस्वरूप विकास भवन सभागार में आयोजित विदाई समारोह को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी, पुलिस अधीक्षक प्रशान्त वर्मा, नवागंतुक मुख्य विकास अधिकारी राम्या आर, पी.डी. डी.आर.डी.ए. राज कुमार, उप निदेशक कृषि टी.पी. शाही, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. अर्चना सिंह, उपायुक्त मनरेगा के.डी. गोस्वामी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी बी.पी. सत्यार्थी, बी.डी.ओ. तेजवापुर अजय प्रताप सिंह व अन्य वक्ताओं ने स्थानान्तरित मुख्य विकास अधिकारी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विदाई समारोह को सम्बोधित करते हुए स्थानान्तरित मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना अत्यन्त भावुक नज़र आयी। सीडीओ ने कहा कि जिलाधिकारी मोनिका रानी के स्नेह और मार्गदर्शन तथा जिले के अनुभवी, कर्मठ व कुशल अधिकारियों के सहयोग के परिणाम स्वरूप उनके द्वारा आकांक्षात्मक जिले के विकास में योगदान देने का अवसर प्राप्त हुआ। 

उन्होंने कहा कि डीएम के कुशल मार्गदर्शन व अधिकारियों के परिश्रम के परिणाम स्वरूप जिले को अनेकों बार राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित भी किया गया है। श्रीमती मीना कहा कि उन्हें विश्वास है कि डीएम व नवागंतुक सीडीओ के नेतृत्व में जनपद का तीव्र गति से चतुर्मुखी विकास होगा। उन्होंने कहा कि जनपद बहराइच उनकी समृतियों में हमेशा बना रहेगा। 

उन्होंने जनपदवासियों के मृदुल स्वभाव की मुक्तकंठ से सराहना भी की। विदाई समारोह का संचालन जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय ने किया। समारोह में मौजूद जिला स्तरीय अधिकारियों, खण्ड विकास अधिकारियों तथा विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों के कर्मचारियों द्वारा भी पुष्पगुच्छ भेंट कर स्थानान्तरित सीडीओ को बधाई दी।