फर्जी पासपोर्ट और वीजा बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश,महिला सहित दो गिरफ्तार

नोएडा। सेंट्रल नोएडा की बिसरख थाना पुलिस ने धोखाधड़ी कर वीजा व पासपोर्ट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह दोनों अब तक आम लोगो से करीब 50 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर चुके हैं। दरअसल बिसरख थाना पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोगों के द्वारा आम लोगों से धोखधड़ी कर उनको निशाना बनाया जा रहा है।

 एक गिरोह के द्वारा वीजा व पासपोर्ट बनाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी की जा रही है। साथ ही इस गिरोह के द्वारा आम लोगों से विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे भी ऐंठे जा रहे हैं। इसी सूचना पर बिसरख थाना पुलिस ने गौर सिटी सेंटर की एक दुकान में छापेमारी की और मौके से एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी मुकेश और नेपाल निवासी सुषमा के रूप में हुई। पुलिस ने इन दोनों के कब्जे से 1 लैपटॉप मय पैन ड्राइव, 5 मोबाइल फोन, 6 डेबिड कार्ड, 6 आधार कार्ड, जाली मौहर व कुल 30500 रुपये नकद व 01 फर्जी पासपोर्ट एवं वीजा बरामद किया।

 सेंट्रल नोएडा के एडिशनल डीसीपी हिरदेश कठेरिया ने बताया कि लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक महिला और पुरुष को गिरफ्तार किया गया है। यह दोनों फर्जी पासपोर्ट व वीजा बनवाने व विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर आम लोगों के साथ धोखाधड़ी करते थे। उनसे पैसे ऐंठ लिया करते थे। अभी इस गिरोह के बारे में और ज्यादा जानकारी जुटा जा रही है। यह लोग अब तक काफी लोगों को अपना निशाना बना चुके हैं। करीब 50 लाख रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी कर चुके हैं।