क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रही हरे पेड़ो की अवैध कटान

परसपुर/गोण्डा। स्थानीय थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बड़े पैमाने पर हरे भरे पेंड़ो की लगातार हो रही अवैध कटान पर लगाम नही लग पा रही है। वहीं कार्रवाई से जिम्मेदार कन्नी काटते नजर आ रहे हैं। जिसके चलते वन माफियाओं के हौसले बुलंद है और खुलेआम प्रतिदिन भारी संख्या में पेड़ो के बोटों से लदी ट्रैक्टर ट्राली बाजार होते हुए सेटिंग वाले आरा मशीनों पर पहुंचाई जा रही है। 

आपको बता दें कि डीएम नेहा शर्मा के कड़े तेवर के बाद लकड़कट्टों ने अब यह नया फंडा अपनाया है। देर शाम और भोर में चार से पांच बजे के बीच लोडिंग बोटों की ढुलाई कभी भी देखी जा सकती है। मामला सुर्खियों में आने पर क्षेत्रीय वनाधिकारी जुर्माना लगाकर अपने कर्तव्यों की इति श्री कर लेते है। 

विगत रातों में ग्राम टेंगनहा में वन मफियाओं ने परिषदीय विद्यालय के पीछे विशाल हरे आम के पेड़ को काटकर धराशायी कर दिया। यही नही दो दिन पूर्व भी इसी गांव के समीप रात के अंधेरे में कई पेड़ो की जमकर अवैध कटान की गई जो ग्रामीणों में चर्चा का विषय बनी हुई है। 

यहां बेखौफ वनमाफिया बाग की खरीदारी के बाद उसे तेजी से सफाया करने में जुटे है। बताया जा रहा है कि चौकी शाहपुर की पुलिस वहां पहुंची और उसे रोक दिया। लेकिन पुलिस के जाने बाद कटाई पुनः शुरु हो गई। इस अवैध कटान पर कार्रवाई से जिम्मेदार कन्नी काटते नजर आ रहे हैं जिससे जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली गंभीर सवालिया घेरे में है।