यूपी से भाजपा के 7 और सपा के 3 राज्यसभा सदस्य चुना जाना तय

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 2 अप्रैल को रिक्त हो रही राज्यसभा की 10 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी की 9 और एक सपा की है। 27 फरवरी को होने जा रहे चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के सात और समाजवादी पार्टी के तीन सदस्य चुना जाना तय है। इस तरह से भाजपा के जहां 2 सदस्य कम हो जाएंगे वहीं सपा के 2 सदस्य बढ़ जाएंगे। इस बार चुनाव में जीत के लिए 37 विधायकों के वोट की जरूरत है। इस समय विधानसभा में 4 सीटें रिक्त होने के कारण 399 विधायक हैं। 

ऐसे में तय फार्मूले के तहत प्रत्येक राज्यसभा सीट पर जीत के लिए 37 विधायकों का वोट चाहिए। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, भाजपा व उसके सहयोगी दलों को मिलाकर कुल 277 विधायक हैं। ऐसे में 7 सीट जीतने के लिए जरूरी 259 वोट के बाद भी उसके पास 18 विधायक बच जाएंगे। यदि 8 प्रत्याशी भाजपा खड़ा करती है, तो उसे 19 विधायकों के मतों की और जरूरत होगी। वहीं समाजवादी पार्टी व रालोद को मिलाकर 117 विधायक हैं। 

उसे तीन सीट जीतने के लिए 111 विधायकों के वोट की जरूरत है। ऐसे में उसके तीन सदस्य जीतना तय है। आपको बता दें कि विधानसभा में दलीय स्थिति कुछ इस प्रकार है। भारतीय जनता पार्टी 252, समाजवादी पार्टी 108, अपना दल सोनेलाल 13, रालोद 09, निषाद 06, सुभासपा 06, कांग्रेस 02, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक 02, बसपा 01 और 04 सीटें खाली हैं।