मात्र 500 रुपए के लिए बेटा बना हैवान! पिता को दी दर्दनाक मौत, गिरफ्तार

रायबरेली : उत्तर प्रदेश में रायबरेली के ऊंचाहार इलाके में मात्र 5 सौ रूपये के लिए अपने पिता की हत्या करने वाले पुत्र को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने आज बताया कि ऊंचाहार इलाके में अपने पिता की हत्या के आरोपी पुत्र को सिवय्या तिराहे के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। 

उन्होंने बताया गया कि मंगलवार को पुलिस को एक शव के बारे में जानकारी मिली थी। जानकारी के अनुसार मृतक त्रिलोकी यादव (50) निवासी धनई मजरे मवई थाना ऊँचाहार रायबरेली का शव उसके घर के सामने पड़ा था। सूचना पर तत्काल क्षेत्राधिकारी डलमऊ,प्रभारी निरीक्षक ऊँचाहार और पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया था। 

मृतक के सिर पर कुछ चोट के निशान मिले थे। मृत्यु का वास्तविक कारण ज्ञात करने हेतु शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। पुलिस को शव देखकर मृतक के करीबियों पर शक हुआ। पुलिस ने शक के दायरे में आए लोगों को खंगालना शुरू किया। 

पूछताछ के दौरान मृतक के पुत्र संजय यादव ने बताया कि बीते सोमवार को रात करीब आठ बजे उसने अपने पिता त्रिलोकी यादव से 500 रुपये मांगे और उन्होंने देने से इन्कार कर दिया था। आवेश में आकर पास पड़े डण्डे से अपने पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सफेदा का चैला बरामद कर लिया है। बुधवार को थाना ऊँचाहार पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा मे जेल भेज दिया है।