कांग्रेस ने किसानों को लेकर मोदी सरकार पर साधा निशाना, कहा, भाजपा के राज में 30 किसान रोज आत्महत्या करने को मजबूर

नयी दिल्ली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी किसानों के मुद्दे पर मोदी सरकार पर हमलावर है। राहुल गांधी ने बुधवार को किसानों की आत्महत्या को लेकर पीएम मोदी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का वायदा कर सत्ता में आई भाजपा के राज में आज 30 किसान रोज आत्महत्या करने को मजबूर हैं।

जब देश के किसानों पर कर्ज 2014 के मुकाबले 60ः अधिक है तब मोदी सरकार ने 10 सालों में उद्योगपतियों का 7.5 लाख करोड़ कर्ज माफ कर दिया है।

फसल बीमा योजना में किसानों के हिस्से के 2700 करोड़ रोकने वाली निजी इंश्योरेंस कम्पनियां खुद 40,000 करोड़ मुनाफा कमा कर बैठी हैं। महंगी खाद, महंगे बीज, महंगी सिंचाई, महंगी बिजली के कारण आसमान छूती कृषि लागत के बीच किसान MSP तक के लिए संघर्ष कर रहा है। बिना उचित MSP के किसान को प्रति क्विंटल गेंहू पर 200 और धान पर 680 का नुकसान हो रहा है। कांग्रेस का लक्ष्य कृषि लागत को घटा कर किसानों को फसल की सही कीमत दिलाना है, क्योंकि किसानों की समृद्धि का रास्ता उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता है और यही उनके साथ वास्तविक न्याय। हमारी सरकार ‘किसानों की सरकार’ होगी, कुछ ‘सरकारी उद्योगपतियों’ की नहीं।