अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण सभा की बैठक सम्पन्न

ब्राह्मणों ने समाज को जोड़ने का कार्य किया : कुन्दन

आजमगढ़। नगर के गुरुघाट स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण सभा की बुधवार को एक बैठक सम्पन्न हुई। जिसमें राष्ट्रीय समिति द्वारा जनपद के वरिष्ठ समाजसेवी पं. सुभाष चन्द्र तिवारी कुन्दन को राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं साहित्यकार पं. संजय कुमार पांडेय को राष्ट्रीय संगठन मंत्री बनाये जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने दोनों राष्ट्रीय पदाधिकारियों को बहुमुखी प्रतिभा का धनी बताते हुए समाज के लिये इनके द्वारा किये जा रहे रचनात्मक कार्यों की सराहना की और कहा कि इन लोगों के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा ।

नवनियुक्त राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष पं. सुभाष चन्द्र तिवारी कुन्दन ने कहा कि ब्राह्मणों ने सदैव विश्व के सुख व शांति की कल्पना की है और समाज को जोड़ने का कार्य किया है। उसने समाज को सही दिशा दी है, किन्तु वर्तमान जातिवादी माहौल में ब्राह्मणों को हासिये पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसे हमारा संगठन कत्तई बर्दाश्त नहीं करेगा।  

राष्ट्रीय संगठन मंत्री पं. संजय कुमार पांडेय ने कहा कि समाज को एकसूत्र में बाँधने के लिये हमारा संगठन नेक इरादे के साथ कार्य कर रहा है। आगे उन्होने कहा कि संगठन ने उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है, उसे ध्यान में रखते हुए ब्राह्मण समाज को एकजुट करने के लिये सघन अभियान चलाया जायेगा। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष शर्मानंद पाण्डेय ने की और संचालन व्यास कौशल किशोर चतुर्वेदी ने किया। मंदिर के महंत संजय पाण्डेय ने लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर एलआईसी अभिकर्ता संघ के मण्डल अध्यक्ष आलोक पाठक, संगठन के प्रदेश महामंत्री अशोक तिवारी, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रितेश पाण्डेय, जिलाध्यक्ष अभिषेक पाण्डेय, संजीव तिवारी, अश्विनी दुबे, मनोज पाण्डेय, हरिगोविन्द तिवारी, अरविन्द पाठक, उपेंद्र मणि त्रिपाठी, बंशीधर पाठक, सुनीता उपाध्याय, साधना पाण्डेय, रिशु उपाध्याय, दिव्यांशु उपाध्याय इत्यादि लोग मौजूद रहे।