नेशनल हाईवे पर एक्सीडेंट के बाद मुर्गों के लूट की मची होड़, राहगीर बोरियों में भरकर ले गए मुर्गे

फिरोजाबाद : आगरा-फिरोजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह घने कोहरे के कारण मुर्गों से भरा वाहन पलट गया। इसके बाद उसमें भरी मुर्गे-मुर्गियों की लूट शुरू हो गई। हाईवे से निकलने वाला हर एक राहगीर हाथ में मुर्गे-मुर्गियों को लेकर भाग रहा था। मुर्गे-मुर्गियों की इस लूट का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी के साथ वायरल हो रहा है। 

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को घना कोहरा छाया हुआ था। इसी बीच नेशनल हाइवे पर कई वाहन आपस में टकरा गए। इन वाहनों में मुर्गे-मुर्गियों से लदी गाड़ी भी शामिल थी। गाड़ी में करीब डेढ़ लाख रुपए के मुर्गे मुर्गियां भरे हुए थे। हादसे के बाद गाड़ी से मुर्गों की लूट मच गई। हाइवे पर मुर्गों से भरी गाड़ी देखी तो लोग वहां पहुंच गए और मुर्गे मुर्गियां निकालकर ले जाने लगे।

 दुर्घटनाग्रस्त वाहन से करीब आधा घंटे तक मुर्गियों की लूट कर ले जाने का सिलसिला जारी रहा। हाइवे पर कोहरे के बीच हादसे के बाद वाहन से मुर्गों को ले जाने की मारामारी जैसे ही मची तो कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया। वीडियो में आप देख सकते हैं कि लोग हादसे में मदद करने की वजाए वाहन से मुर्गे निकालकर ले जाते नजर आए।

 इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची तो वहां से लोग भागे। लेकिन तब तक लोग दर्जनों मुर्गे-मुर्गी लूटकर ले जा चुके थे। बता दें कि आगरा नेशनल हाइवे पर आज सुबह घने कोहरे के चलते दर्जन पर गाड़ियां आपस में टकरा गईं जिससे कई लोग घायल हो गए। 

अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में घने कोहरे के चलते यमुना एक्सप्रेसवे के दयानतपुर गांव के पास एक ट्रक आगे चल रहे एक डंपर से टकरा गया। फिर उसके पीछे एक के बाद एक कर करीब दर्जन भर गाड़ियां टकराती चली गईं। उन्होंने बताया ‘‘घायलों की संख्या अभी पता नहीं है। लेकिन कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है।