विद्यार्थियों के उत्कृष्ट शैक्षणिक जिम्मेदारी का निर्वहन मेरा मुख्य प्रयास–प्रो आलोक कुमार सिंह

सुलतानपुर। कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान, सुलतानपुर के प्राचार्य प्रो० आलोक कुमार सिंह ने मीडिया से वार्ता करते हुए बताया कि  स्वायत्तशासी संस्थान में संचालित पठन-पाठन, पाठ्यक्रम निर्धारण, परीक्षा प्रणाली, परीक्षाफल घोषणा एवं पुनर्पाठन प्रक्रिया के निमित्त आहूत की गई। जनपद के विभिन्न अखबारों के उपस्थित पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए संस्थान प्राचार्य ने बताया कि स्वायत्तशासी संस्था के तौर पर कमला नेहरू संस्थान का यह प्रथम दायित्व है कि समयबद्ध तरीके से विद्यार्थियों के उत्कृष्ट शैक्षणिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करे । 

इस निमित्त सर्वप्रथम इस संस्थान के सभी संकायों में संचालित विभिन्न विषयों के पाठ्यक्रमों का निर्धारण एन०ई०पी० 2020 के निर्देशानुसार किया गया। इसके लिए बोर्ड ऑफ स्टडीज का गठन व विषय विशेषज्ञों का चयन समय से कर लिया गया। तत्पश्चात् बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक कराकर पाठ्यक्रमों का निर्धारण सुनिश्चित किया गया। समयबद्ध तरीके से अध्ययनरत छात्रों की शुचितापूर्ण परीक्षा सम्पादनार्थ सभी विषयों के प्रथम सेमेस्टर के प्रश्न-पत्रों का निर्माण एवं पुनर्निरीक्षण करा लिया गया है।

 परीक्षा -2023 के सफल संचालनार्थ समय-सारिणी निर्धारित हो चुकी है। समय-सारिणी के आधारगत इस स्वायत्तशासी संस्थान की प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 01 दिसम्बर, 2023 से प्रारम्भ होकर 15 दिसम्बर, 2023 को समाप्त होंगी। प्राचार्य ने बताया कि परीक्षार्थियों के भविष्य को दृष्टिगत रखते हुए जनवरी, 2024 के प्रथम सप्ताह तक परीक्षाफल घोषित कर दिया जायेगा। 

संस्थान प्राचार्य ने बताया कि स्वायत्तशासी संस्थान होने के उपरान्त कमला नेहरू संस्थान की जिम्मेदारी व दायित्व और भी बढ़ गया है तथा यह संस्थान छात्रों के भविष्य के मद्देनजर समय से उनके पंजीकरण, परीक्षा सम्पादन मूल्यांकन प्रक्रिया व परीक्षाफल घोषणा के प्रति अत्यन्त गम्भीर है।प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में लगभग 4 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे।मौजूदा सत्र में संस्थान में लगभग 12 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत है।