प्रेगनेंसी में गैस की समस्या से राहत दिलाएंगे ये उपाय

किसी भी महिला के लिए प्रेग्नेंसी का समय काफी खुशी का पल होता है, लेकिन इस दौरान महिलाओं को अपनी सेहत का विशेष ख्याल रखना पड़ता है। दरअसल, प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

गर्भवती महिलाओं में गैस की समस्या होना आम है। कई बार यह समस्या इतनी बढ़ जाती है कि बर्दाश्त करना मुश्किल होता है। ऐसे में आज आपको कुछ घरेलू उपाय बताएंगे, जिनकी मदद से एसिडिटी की समस्या से राहत पा सकते हैं।

सौंफ

देखने में छोटे से सौंफ कई बड़े गुणों से भरपूर होते हैं। अक्सर लोग इसे माउथ फ्रेशनेर के तौर पर खाते हैं। वजन कम करने के लिए सौफ की चाय पीने की सलाह दी जाती है। इसका इस्तेमाल कर आप गैस की समस्या से भी राहत पा सकते हैं। लंच या डिनर के बाद आप एक चम्मच सौंफ चबा सकते हैं, इससे आपको गैस से राहत मिल सकती है।

अदरक

औषधीय गुण से भरपूर अदरक प्रेग्नेंसी में होने वाली गैस की समस्या को कम करने में मदद कर सकता है। यह पेट और सीने की जलन, मितली आदि समस्या को कम करने के लिए कारगर उपाय साबित हो सकता है। अदरक की चाय पीने से आपको एसिडिटी से राहत मिल सकती है।

मेथी का पानी

गैस की समस्या को कम करने के लिए मेथी के दाने काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं। मेथ का पानी आपके पेट के लिए फायदेमंद है। इसे बनाने के लिए एक कटोरी पानी में मेथी के दाने भिगो दें, अगले दिन इसे छान लें और फिर पिएं। रोजाना इसे पीने से गैस से निजात मिल सकती है।

नारियल पानी

प्रेग्नेंसी में नारियल पानी पीना बहुत ही फायदेमंद माना जाता है। इसमें कई तरह के विटामिंस और मिनरल पाए जाते हैं, जो पेट को ठंडक पहुंचाने में मदद करते हैं। आप सुबह खाली पेट नारियल पानी पी सकते हैं, जिससे पेट में जलन की समस्या से बच सकते हैं।

पुदीने की चाय

पुदीने की चाय भी प्रेग्नेंसी में कारगर साबित हो सकती है। इस चाय को पीने से डाइजेशन ठीक रहता है। यह नुस्खा एसिडिटी की समस्या में बेहद कारगर है। प्रेग्नेंसी में गैस की समस्या से निजात पाने के लिए पुदीने की चाय पी सकते हैं।