IND vs PAK: पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में जमकर बोला रोहित शर्मा का बल्ला, अपने नाम किया ये खास रिकॉर्ड

नई दिल्ली। टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला पाकिस्तान के खिलाफ कोलंबो में जमकर बोला। हिटमैन ने बल्ले से ऐसी तबाही कि पड़ोसी मुल्क का पेस अटैक तितर-बितर हो गया। रोहित ने शाहीन अफरीदी के खिलाफ पहले ही ओवर में छक्के लगाकर धमाकेदार आगाज किया, तो इसके बाद शादाब खान की भी जमकर रेल बनाई। अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान रोहित ने क्रिस गेल के एक बड़े रिकॉर्ड को भी चकनाचूर कर डाला है। दरअसल, रोहित शर्मा ने लगातार छह कैलेंडर ईयर में 40 से ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 

हिटमैन ने इस मामले में क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया है। रोहित ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में भी चार गगनचुंबी छक्के जमाए। भारतीय कप्तान ने सिक्स के साथ ही अपना अर्धशतक पूरा किया। रोहित ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 49 गेंदों पर 6 चौके और चार छक्कों की मदद से 56 रन कूटे।

रोहित शर्मा शाहीन अफरीदी को मैच के पहले ही ओवर में सिक्स जमाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। 

हिटमैन से पहले यह कारनामा आजतक कोई भी बैटर नहीं कर सका है। अफरीदी ने रोहित के पैरों पर गेंद फेंकी, जिसका फायदा भारतीय कप्तान ने भरपूर अंदाज में उठाया। रोहित ने फ्लिक करते हुए लेग साइड में गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया। रोहित शर्मा के साथ-साथ उनके जोड़ीदार शुभमन गिल का बल्ला भी जमकर बोला। गिल ने भी दूसरे छोर से आक्रामक तेवर दिखाए। 

गिल ने पाकिस्तान के फास्ट बॉलर्स को पहली बॉल से ही निशाना पर लिया और चौकों में ही डील करते नजर आए। भारतीय सलामी बल्लेबाज ने अपना अर्धशतक 37 गेंदों पर पूरा किया। गिल 52 गेंदों का सामना करने के बाद 58 रन बनाकर शाहीन अफरीदी का शिकार बने। अपनी पारी के दौरान दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 10 चौके जमाए।