पुलिस-चौकी से चंद कदम की दूरी पर दंपति से लूट

शाहजहांपुर। जिले में एक कालेज के लेक्चरार की पत्नी के साथ लूट की घटना सामने आई है। लूट होने के बाद पीड़ित थाने के चक्कर लगाता रहा। आरोप है कि, सोने की चैन और लॉकेट लूटने के बाद पीछा करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। थाने जाने के बाद पुलिस मामले को दबाते रही। हालांकि रविवार की शाम आलाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई। 

चौक कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी राजीव अग्रवाल अपनी पत्नी नमिता अग्रवाल के साथ बाईक से आठ सितंबर की देर शाम विसरात रोड पर शोभायात्रा देखकर वापस घर लौट रहे थे। अपने मकान से कुछ दूर पहुंचने के बाद आवास विकास के अंदर बनी पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर दो बाइक सवार युवकों ने उनकी बाइक को रोक लिया। 

युवकों ने उनकी पत्नी के साथ छीना-झपटी शुरू कर दी। पीड़ित ने बताया कि, छीना-झपटी देखकर बाइक से उतरने के बाद उन्होंने रोकने की कोशिश की, लेकिन इतने में एक युवक ने तमंचा पत्नी के गले पर रखकर गोली मारने की धमकी दी, उसके बाद सोने की चेन और लाकेट लूट लिया। उसके बाद युवक बाइक पर बैठकर बोला कि, पीछा किया या शोर किया तो, गोली मार देंगे। 

उसके जाने के महज दो मिनट के अंदर ही पास में बनी पुलिस चैकी पर गए। वहां पुलिसकर्मी और भाजपा नेता बैठे थे। उसके बाद उन्हीं की कार में बैठकर काफी देर तक लुटेरों का इंतजार किया। लेकिन उनका कुछ पता नही चल सका। उसके बाद थाने गए तो, पुलिस ने ध्यान नही दिया। शनिवार को थाने गए तो, पुलिस ने टरका दिया। उसके बाद रविवार को जब अधिकारियों से संपर्क किया। तब पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि, एक व्यक्ति ने पत्नी के साथ लूट होने की तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। बता दें कि, 6 सितंबर को थाना सदर क्षेत्र में व्यापारी मृदल कपूर कुछ सामान लेकर दुकान से कुछ आगे बढ़े थे। 

तभी उनको बाइक सवार दो युवकों ने तमंचा दिखाकर रोका और उनकी सोने की चैन मोबाइल लूटकर फरार हो गये थे। व्यापारी एक मंत्री के बेहद करीबी हैं। इस कारण थाने की पुलिस से लेकर आलाधिकारियों और भाजपा नेताओं ने मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।