उप खनिज की ओवर लोडिंग में तीन ट्रकों का किया चालान

जिलाधिकारी के कड़े रूख से मची खलबली

सहारनपुर। अवैध खनन और उसके परिवहन को लेकर  सख्त हुए जिलाधिकारी का रूख भांप खनन से जुड़े अधिकारी क्षेत्र भ्रमण पर खूब  निकल रहे हैं। दो दिन पूर्व अवैध खनन लदे सात ट्रकों को पकड़ने के बाद कल देर शाम खनन लदे तीन ओवर लोडेड ट्रकों को पकड़ कर पुलिस की निगरानी में दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार बीते दिनों जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने क्रेशर एसोसिएशन और अधिकारियों के साथ हुई बैठक में अवैध खनन के साथ पकड़े जाने पर रायल्टी के साथ पांच लाख तक जुर्माना ठोकने के आदेश दिए थे। इसी के  साथ अधिकारियों को खनन क्षेत्रों में रहने के भी आदेश दिए थे। 

उस आदेश के क्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त रजनीश कुमार मिश्र कल शाम को  ए.आर.टी.ओ. रामप्रकाश मिश्र,तहसीलदार प्रकाश सिंह और खान अधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह को साथ लेकर बेहट तहसील के कलसिया क्षेत्र में अवैध  खनन की जांच कर रहे थे। इसी बीच उन्होने ऐसे तीन ट्रकों को चेक किया जिस  पर रायल्टी से अधिक उप खनिज लदा हुआ था। तीनों ट्रकों का आन लाईन चालन कर उनको पुलिस के हवाले कर दिया। श्री मिश्र ने बताया कि अवैध उन खनिज और उसके परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में अभियान चल रहा है।