सड़क हादसे में बसपा नेता की मौत

अलीगढ़। थाना छर्रा के कस्बा अतरौली निवासी बसपा नेता उदयवीर सिंह गौतम की सड़क हादसे में मौत हो गई। सुबह वह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। उदयवीर सिंह बसपा के कद्दावर नेता थे। कस्बा अतरौली निवासी बसपा नेता उदयवीर सिंह गौतम (55) रोजाना की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। लोगों ने बताया कि सुबह पांच बजे के करीब ग्रीन वैली स्कूल के पास अतरौली रोड पर वे टहल रहे थे। 

तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बसपा नेता ने मौके पर दम तोड़ दिया। लोगों ने ही उनके परिजनों को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचे परिजन शव लेकर घर गए। उदयवीर सिंह के परिवार में बेटा रिंकू (पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष), दीपू, रोहित, योगेश व पुत्री गीता हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। सीओ शिवप्रताप सिंह ने कहा कि मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। लोगों से जानकारी जुटाकर वाहन की तलाश की जा रही है। 

फिलहाल परिजनों से तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उदयवीर सिंह गौतम क्षेत्र में बसपा के कद्दावर नेता थे। साल 1988 में वह छर्रा नगर पंचायत के सभासद बने थे। उसके बाद बसपा से सदस्य जिला पंचायत, बसपा विधानसभा अध्यक्ष, संगठन मंत्री, जिला महामंत्री, बसपा भाईचारा कमेटी के मंडल प्रभारी आदि पदों पर भी रहे। हादसे में मौत के चलते उनके समर्थकों में शोक की लहर है। सूरज सिंह जॉन कॉर्डिनेटर, पूर्व जॉन कॉर्डिनेटर बच्चू सिंह एडवोकेट, पूर्व जिलाध्यक्ष तिलक राज यादव सहित कई पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उनके घर पर पहुंचे और शोक व्यक्त किया।