MI vs LSG: मुंबई की शर्मनाक हार के लिए फैंस ने ईशान को ठहराया दोषी

मुंबई इंडियंस आईपीएल 2022 में अपने अब तक के सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। टीम को रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 36 रन से हार का सामना करना पड़ा, जोकि इस सीजन उसकी लगातार आठवीं हार है। इस हार के बाद टीम अब IPL 2022 प्लेऑफ की रेस से लगभग बाहर हो गई है। मुंबई की इस शर्मनाक प्रदर्शन के लिए फैंस अब सलामी बल्लेबाज ईशान किशन को दोषी ठहरा रहे हैं। फैंस का मानना है कि आईपीएल 2022 का सबसे महंगा खिलाड़ी होने के बावजूद ईशान का प्रदर्शन शर्मनाक है। लखनऊ के खिलाफ ईशान 20 गेंदों पर केवल 8 ही रन बना पाए। वहीं, चेन्नई के खिलाफ तो वह खाता भी नहीं खोल पाए थे। उन्होंने इस सीजन में 8 मैचों में अब तक सिर्फ 199 रन ही बनाए हैं।

मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2022 ऑक्शन में ईशान पर बड़ा दांव खेला था और उन पर 15.25 करोड़ रुपये लुटा दिए थे। वह आईपीएल 2022 के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। हालांकि इतने पैसे मिलने के बाद भी ईशान का बल्ला अब तक खामोश ही है। पिछली पांच पारियों में ईशान ने केवल 50 रन ही बनाए हैं। टीम को जब भी ईशान से बेहतर शुरुआत की उम्मीद होती है तो वह गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर आउट हो जाते हैं। पिछली पांच पारियों में ईशान ने 26, 3, 13, 0 और 8 रन ही बनाए हैं।

खराब बल्लेबाजी के चलते ईशान अब सोशल मीडिया पर लोगों के गुस्से का शिकार हो रहे हैं। आईपीएल 2022 के सबसे महंगे खिलाड़ी होने के कारण ईशान अब फैंस की नजर में आ गए हैं।  यूजर ने तो यहां तक कह दिया कि ईशान ने मुंबई इंडियंस को 15 करोड़ का चूना लगाया है और अब उसे खुद ही रेस्ट लेकर टीम से बाहर हो जाना चाहिए।