लोकबंधु में शुरु हुआ टोकन सिस्टम

महिला चिकित्सक के पॉजिटिव आने के बाद एक दर्जन से ज्यादा डॉक्टर व स्टॉफ के सैंपल हुए कलेक्ट

लखनऊ। मंगलवार को कानपुर रोड स्थित लोकबंधु अस्पताल की महिला डॉक्टर की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बादसे करीब एक दर्जन डॉक्टर व मेडिकल स्टॉफ के सैंपल लिए जा चुके है। इस बीच अस्पताल में सैनिटाइजेशन के साथ ही टोकन सिस्टम की शुरुआत की गई है। इसके अलावा कोरोना से बचाव को लेकर भी ऐहतियात बरते जा रहे है। अस्पताल में पहले से ही 20 बेड कोविड मरीजो के लिए रिजर्व रहने का भी दावा किया गया है। उधर प्रदेश में कुल एक्टिव केस की संख्या 307 है। जिनमें से 293 होम आइसोलेशन में है। 24 घंटे में कोरोना के 55 नए मरीज पॉजिटिव आएं है। बुधवार को प्रदेशभर में संक्रमण के 55 नए मामले सामने आएं है। इस बीच 37 मरीज कोरोना से रिकवर भी हुए। प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या फिलहाल 307 है। यूपी में कोरोना वैक्सीनेशन का कुल आकंड़ा 30 करोड़ 56 लाख के पार पहुंच गया है। 24 घंटे में 1 लाख 24 हजार 673 सैंपल की जांच हुई है। इससे पहले नोएडा व गाजियाबाद के प्राइवेट स्कूलों में डेढ़ दर्जन बच्चों और तीन टीचर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। इन स्कूलों में ऑफलाइन क्लास बंद कर ऑनलाइन शुरू कर दी गई हैं। लोकबंधु अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया अस्पताल का माहौल ठीक है। एक गायनी महिला चिकित्सक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, ऐहतियात के तौर पर लक्षण वाले अन्य लोगों के सैंपल भी लिए गए है। अभी तक किसी अन्य की रिपोर्ट पॉजिटिव नही आई है। अस्पताल की ओपीडी में टोकन सिस्टम प्रणाली लागू की गई है। मास्क सभी के लिए जरुरी है और सतर्कता भी बरती जा रही है।