एलिस पैरी ने किया तलाक का ऐलान...


ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की स्टार क्रिकेटर एलिस पैरी ने हाल ही में अपने तलाक का ऐलान किया। पैरी और उनके पति मैट टोमुआ ने अलग-अलग रहने का फैसला कर लिया है। पैरी और रग्बी खिलाड़ी मैट ने दिसंबर 2015 में शादी की थी। हाल ही में दोनों ने एक संयुक्त बयान में इस बात की पुष्टि की कि वे चार साल तक चले अपने विवाह को समाप्त कर रहे हैं। इस खबर के आने के बाद से सोशल मीडिया पर भारतीय क्रिकेटर मुरली विजय को जमकर ट्रोल किया जा रहा है।
दरअसल, कुछ वक्त पहले ही मुरली विजय ने कहा था कि वह एलिस पैरी के साथ डिनर पर जाना चाहेंगे। इस पर पैरी ने जवाब देते हुए कहा था कि उम्मीद करती हूं कि मुरली विजय बिल भरेंगे। अगर ऐसा होता है तो मैं उनसे बहुत प्रभावित हो जाऊंगी। एलिस पैरी के साथ डिनर की इच्छा जाहिर करने पर भी मुरली विजय को सोशल मीडिया पर यूजर्स ने ट्रोल किया था। अब उनके तलाक की खबर सामने आने के बाद एक बार फिर से सोशल मीडिया पर विजय की ट्रोलिंग शुरू हो गई है।
मुरली विजय ने 2012 में निकिता से शादी की थी। निकिता पहले दिनेश कार्तिक की पहली पत्नी थी। दिनेश कार्तिक ने साल 2007 में अपनी बचपन की दोस्त निकिता से शादी की थी। साल 2012 में आईपीएल-5 के दौरान कार्तिक और निकिता साथ थे। इसी वक्त मुरली विजय की पहचान दिनेश कार्तिक की पत्नी निकिता से हुई थी। इसके बाद गुपचुप तरीके से दोनों के बीच अफेयर की खबरें जोर पकड़ने लगी थीं। इसके बाद दिनेश कार्तिक और निकिता के बीच तलाक हो गया। तलाक के बाद निकिता और मुरली विजय ने शादी कर ली।
बता दें कि एलिस पैरी और उनके पति मैट टोमुआ ने बयान में कहा कि हम दोनों की मौजूदा लाइफ के लिए यह करना बहुत जरूरी हो गया था। यह आपसी सहमति से लिया गया फैसला है। चार साल के अपने संबंधों के दौरान हमने एक दूसरे की निजता का सम्मान किया है। हम आगे भी ऐसा ही करेंगे।
मैट टोमुआ 2013 में पैरी के साथ जॉन एलेस मेडल अवार्ड्स के दौरान सार्वजनिक तौर पर सामने आए थे। इसके बाद इन दोनों ने 2014 में सगाई कर ली थी। दिसंबर 2015 में दोनों ने शादी की। एलिस पैरी अब तक ऑस्ट्रेलिया के 8 टेस्ट, 112 वनडे और 120 टी-20 खेल चुकी हैं। इसमें उन्होंने क्रमशः 624, 3022 और 1218 रन बनाए हैं। क्रिकेट के सभी फॉर्मैट में उन्होंने 297 विकेट भी लिए हैं।