श्री गिरिराज चरण सेवा समिति मथुरा के छप्पन भोग में बही भक्ति की धारा


गोवर्धन। श्रीगिरिराज चरण सेवा समिति मथुरा के तत्वावधान में तलहटी के बैकुंठ वाटिका जहाजघर में आयोजित ग्यारवें छप्पन भोग मनोरथ में भक्ति की धारा प्रवाहित हुई। महोत्सव में हजारों लोगों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया। प्रातः बेला में गिरिराज जी का पंचामृत से मंत्रोच्चरणों के बीच दुग्धाभिषेक किया। इसके बाद विधि-विधान से गाय की पूजा की गई। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक वीरेन्द्र कुमार बजाज ड्यूक पैलेस वालों के द्वारा गिरिराज जी की आरती उतारी गई। गिरिराज जी का श्रीकृष्ण की शैली में अद्भुत श्रंगार कर पूजा अर्चना मुख्य विद्वान पंडित कपिल चतुर्वेदी ने कराई। मथुरा श्रीजी पीठ के मनीष बाबा ने बताया कि द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने गिरिराज जी की भूमि पर गाय चराई हैं।


कलिकाल में भी साक्षात गिरिराज तलहटी में द्वापर युगीन लीलाओं का अनुसरण किया जा रहा है। छप्पन भोग मनोरथ की आभा में भी श्रीकृष्ण-गिरिराज जी और गऊमाता नजर आ रही है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय संगठन मंत्री भाजपा भवानी सिंह, व्यापार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग का स्वागत संयोजक वीरेन्द्र अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर भाजपा नेता कृष्ण कुमार उर्फ मुन्ना भैया, भाजपा के जिलाध्यक्ष नगेन्द्र सिकरवार, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष किशोर सिंह, भाजपा निकाय प्रकोष्ठ के मंडल अध्यक्ष डाॅ. मुकेश सैनी, विधायक ठा. कारिंदा सिंह, चेयरमैन नगर पंचायत गोवर्धन खेमचंद शर्मा, व्यापार मंडल के नगर महामंत्री सुशील अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि परशुराम शर्मा, ठा. ओमप्रकाश सिंह, शशि भानु गर्ग, राजेश बजाज, बिजेन्द्र चौधरी, राजीव अग्रवाल, ज्ञानेन्द्र सिंह राणा, सुरेशचंद अग्रवाल, महावीर प्रसाद गोयल आदि थे।