लालगंज, प्रतापगढ़। सावन में पौराणिक शिव स्थली बाबा घुइसरनाथ धाम हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो रही है। सावन के आखिरी मंगलवार को यहां क्षेत्र व जनपद समेत पड़ोसी जनपदों रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रयागराज आदि से पहुंचे श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया और बाबा घुइसरनाथ से सुख समृद्धि की कामना की। यहां जलाभिषेक को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं के साथ ही क्षेत्र व दूरदराज से गंगाजल लेकर आये कांवड़ियो के जत्थे का भी जमावड़ा बना दिखा।
बाबा घुइसरनाथ को जलाभिषेक कर कांवड़िया श्रद्धालु मन्नतें मांगते भी दिखे। श्रद्धालुओं ने गर्भगृह की परिक्रमा कर शिव का जाप भी किया। मंदिर के महन्थ मयंक भाल गिरि अपने मंदिर समिति के सहयोगियों अनिल गिरि, वीरेन्द्रमणि, रोहित तिवारी आदि के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लेते दिखे। वहीं लोगों ने बाबा घुइसरनाथ को फूल माला के साथ विल्ब पत्र, भांग धतूरा व प्रसाद स्वरूप पेड़ा व लडडू आदि अर्पित कर आर्शीर्वाद मांगा। जलाभिषेक के बाद लोग मंदिर परिसर मे लगे मेले का भी आनन्द उठाते दिखे। वहीं कांवडियो के लिए जगह जगह भण्डारे का भी आयोजन हुआ। जिसमें कांवडिया व श्रद्धालु भण्डारे मे शिव का महाप्रसाद ग्रहण करते दिखे।