हिमाचल : 24 घंटों के भीतर दस्तक दे सकता है मानसून

शिमला : हिमाचल प्रदेश में 29 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। वहीं, प्रदेश में लगातार चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।  29 और 30 जून को भारी बारिश के साथ अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि 1 व 2 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार सुबह प्रदेश की राजधानी शिमला व कांगड़ा जिले के कई भागों में हल्की बारिश हुई। आज भी कई भागों में भारी बारिश-अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 में 13 जून को मानसून हिमाचल पहुंचा था। सामान्य से 13 दिन पहले दक्षिण पश्चिम मानसून ने हिमाचल में दस्तक दी थी। 10 फीसदी कम बारिश के साथ हिमाचल प्रदेश से आठ अक्टूबर 2021 को मानसून विदा हुआ था। बीते वर्ष सामान्य से 14 दिन बाद मानसून की विदाई हुई थी। 

इस वर्ष 1 से 28 जून तक प्रदेश में 46.4 मिलीमीटर बारिश हुई है जबकि इस अवधि में 90 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है। 28 जून तक चंबा जिले में सामान्य से 37 फीसदी, लाहौल-स्पीति 70, कांगड़ा 51, कुल्लू 28, मंडी 52, हमीरपुर 2, ऊना 42, बिलासपुर 47, शिमला 39, सोलन 41 और सिरमौर में 68 फीसदी तक कम बारिश दर्ज हुई है। 

मौसम विभाग के अनुसार भारी बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की संभावना है। ऐसे में पर्यटक व स्थानीय लोग संबंधित विभागों की ओर से जारी एडवाइजरी और दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन को पर्याप्त सुरक्षा उपाय करने की सलाह दी गई है। बरसात के मौसम में अचानक बाढ़ आने व भूस्खलन का खतरा बना रहता है। पर्यटकों को नदियों, नालों और खड्डों की ओर रुख नहीं करने को कहा गया है। पर्यटकों को प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है। 

 प्रशासन की सलाह व मौसम की अनुकूल स्थिति के अनुसार ही अपनी यात्रा प्लान करें। अनावश्यक यात्रा करने से बचें। फोटो और सेल्फी लेने के लिए जान जोखिम में डालकर नदी-नालों में न जाएं। कुल्लू जिले में प्रशासन ने नियमों की अवहेलना करने वालों पर जुर्माना लगाने का भी प्रावधान किया है। आपदा की स्थिति में मदद के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबरों के अलावा टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है। 

न्यूनतम तापमान

शिमला में न्यूनतम तापमान 18.7, सुंदरनगर 22.4, भुतंर 24.0, कल्पा 15.3, धर्मशाला 21.2, ऊना 27.0, नाहन 24.1, केलांग 13.4, पालमपुर 19.8, सोलन 22.0, मनाली 20.2, कांगड़ा 21.7, बिलासपुर 23.6, हमीरपुर 25.0, चंबा 23.0, डलहौजी 24.3, कुफरी 16.2, कुमारसैन 14.1, रिकांगपिओ 19.7, धौलाकुआं 26.0 , बरठीं 24.1 और पांवटा साहिब में 26.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।