1971 युद्ध के वीरों के सम्मान समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस बार इंडो-चाइना के टकराव के समय मैंने अपने सेना के शौर्य और पराक्रम को देखा। मेरा भरोसा पक्का हो गया है कि दुनिया की कितनी बड़ी ताकत हो वह भारत माता के शीश को झुका नहीं सकती है। राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार देश से आतंकवाद का सफाया करने के लिए काम कर रही है। भारत पहले ही यह संदेश देने में सफल रहा है कि आतंकवाद से सख्ती से निपटा जाएगा।
राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि हाल ही में असम के 23 जिलों से अफ्सपा (AFSPA) को पूरी तरह हटाया गया है। मणिपुर और नगालैंड के 15-15 पुलिस थानों से भी अफ्सपा (AFSPA) हटाया गया है। यह इस इलाके में आई शांति और स्थिरता के कारण ही संभव हो पाया है। इसमें पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों की जितनी सराहना की जाए कम है। पहले एक भ्रांति थी कि सेना हमेशा AFSPA को लागू रखना चाहती है।