बांदा। कोरोना काल के साथ बंद हुए अनेक सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों में रामनवमी का पर्व भी बंद था। लेकिन अबकी बार रामनवमी पर्व को रामभक्तों सहित देवी भक्तों ने उत्साह और उमंग के साथ मनाकर जय श्री राम के नारों और गीतों से पूरे शहर को गुंजायमान कर दिया। शहर की सड़कों में श्रीराम दरबार सहित उनके भक्त हनुमान और अन्य एतिहासिक महापुरुषों की भी झांकियां निकाली गई। हर झांकी के साथ बज रहे डीजे की धुन में युवक क्या वृद्ध और बच्चे ऐसे थिरक रहे थे मानों धरती पर एक बार बढ़ते पाप को देखकर प्रभु पुनः झांकियों के रूप में प्रस्तुत होकर हकीकत का नजारा देख रहे हों।
निकली झांकियों और उनके आयोजक तथा आस्थावानों के उपर छतों में खड़े लोग पुष्प वर्षा कर रहे थे। जगह-जगह पर मंच और मंडप लगाकर झांकी में शामिल आस्थावानों को लोगबाग पानी व जलपान कराकर उनका सम्मान कर रहे थे। कुल मिलाकर चैत्र माह की रामनवमी के मनाए जा रहे पर्व पर पूरे शहर के अलावा जिले के कस्बों सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी कहीं ध्वजा फहराकर तो कहीं भगवा झंडा लहराते हुए झांकियों और संगीत की धुनों के साथ कार्यक्रम संचालित किया गया।
वहीं सुबह से देवी मंदिरों में व्रत व व्रतधारी व गैर व्रतधारी देवी आस्थावानों में नर और नारियों ने अठवाई चढ़ाकर व नवमी पूजन कर मां से आशीर्वाद मांगा। सबसे ज्यादा भक्तों की भीड़ जहां रामनवमी के झांकी महोत्सव में शहर की तकरीबन आम सड़कों पर रही वहीं कालीदेवी मंदिर, महेश्वरी देवी मंदिर, सिंहवाहिनी मंदिर व चौसठ योगिनी मंदिर के अलावा जिले के खत्री पहाड़ स्थित पहाड़ में विराजमान मां विंध्यवासिनी मंदिर में भक्तों की आमद देखी गई। इसके अलावा भी क्षेत्रीय देवी मंदिरों में आसपास के ग्रामीणों ने पूजा-पाठ कर मां का आशीर्वाद लिया और रामनवमी मनाते हुए मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों पर चलने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
जहां देखो तहां मनायी जा रही रामनवमी के अवसर पर प्रभु श्रीराम के महात्म्य सहित उनके आदर्शों और मर्यादाओं से भरे गीत कानों को सुनाई पड़े। इसी तरह बबेरू कस्बे में रामनवमी के पर्व पर कस्बे के ओगासी रोड, कमासिन रोड, बांदा रोड,अतर्रा रोड, तिंदवारी रोड, सहित विभिन्न मार्गों पर शोभा यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में जय श्री राम के नारे जमकर गूंजे कस्बे में व्यापारियों एवं आम जनमानस ने शोभा यात्रा पर फूलों की वर्षा की।
जगह-जगह पंडाल लगाकर प्रसाद वितरण किया गया। मुख्य चौराहे पर पंडाल लगाकर शोभा यात्रा व आम जनमानस को प्रसाद वितरण किया। बदौसा कस्बे में रामनवमी की उपलक्ष्य में कस्बे के पौहार मार्ग स्थित शिव मंदिर में हनुमान चालीसा पाठ के उपरांत भगवान श्री राम के जन्मोत्सव पर निकली शोभा यात्रा का क़स्बा भ्रमण के बाद राम जानकी मंदिर में समापन हुआ।