लेखपाल संघ के महामंत्री पद पर आशुतोष पाण्डेय ने दर्ज करायाअपनी शानदार जीत

दुल्लहपुर/गाजीपुर। चुनाव प्रक्रिया में निर्विरोध प्रणाली सामाजिक सामंजस्य और सौहार्दपूर्ण वातावरण को बल प्रदान करती  है। परंतु चुनावी गहमागहमी में कांटे का टक्कर के बावजूद निकलने वाला जीत का नतीजा कसौटी पर खरा उतरने वाला सोना से कम नहीं होता। ऐसा ही कुछ  देखने को मिला जखनियां तहसील मुख्यालय पर संपन्न हुए लेखपाल संघ के चुनाव में। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उप शाखा जखनियां का चुनाव तहसील मुख्यालय पर संपन्न हुआ। जिसमें अध्यक्ष पद पर लेखपाल रमेशकुमार का , संघ, उपाध्यक्ष पद पर प्रदीप कुमार एवं कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अरविन्द कुमार तथा उपमंत्री पद पर अनिकेत यादव का निर्विरोध चयन किया गया। इसी तरह कोषाध्यक्ष के रूप में रविभूषण सिंहलानी और आय व्यय निरीक्षक के पद पर रमाशंकर का निर्विरोध चुनाव किया गया।

मजेदार बात यह रही की महामंत्री पद पर दो प्रबल दावेदार(आशुतोष पाण्डेय और अरूण कुमार यादव) के बीच   निर्विरोध गोटी सेट न होती देख  मतदान कार्य कराने का निर्णय लिया गया। जिसमें अरूण यादव को पांच मतों से पटखनी देते हुए आशुतोष पाण्डेय ने अपनी जीत का परचम‌ लहराया और महामंत्री पद पर अपनी दावेदारी सुनिश्चित कर लिया। इस मौके पर महामंत्री लालचंद राम ने चुनाव संपन्न होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज के परिवेश में संगठन के प्रति सकारात्मक सोच की जरूरत है। मतभेद की बू संगठन को खोखला बना देती है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष चितरंजन चौहान, जिला महामंत्री सौरभ कुमार सहित सभी नए और पुराने सदस्य गण उपस्थित रहे।संघ के सकुशल संपन्न चुनाव के सुखद परिणाम की खुशी में समर्थकों ने मिष्ठान वितरण कर पदाधिकारियों को बधाई दी।