हिंदू नवसंवत्सर की शोभायात्रा के दौरान एक समुदाय विशेष की ओर से बाइक रैली पर पथराव किए जाने पर करौली शहर में आगजनी और हिंसा हो रही थी। इस दौरान 15 मुस्लिम युवक सिटी माॅल में अपनी दुकानें बंद कर वहीं फंस गए। मधुलिका सिंह ने माल के अंदर से ताला लगा दिया। उपद्रवी पूछ रहे थे यहा कोई छिपा तो नहीं है। मधुलिका सिंह जवाब ना में दिया। माॅल मधुलिका सिंह के भाई संजय सिंह का है। मधुलिका सिंह माॅल में ही दुकान चलाती है। माॅल में दुकान चलाने वाले दुकानदार दानेश ने इस वाकये की पुष्टि की है।
मधुलिका सिंह के अनुसार यह घटना 5 से 6 बजे के बीच की है। करौली शहर में हिंसा और आगजनी हो रही थी। मधुलिका सिंह ने अपने माॅल के सभी हिंदू- मुस्लिम दुकानदारों को बाहर जाने से रोक दिया। भीड़ को ललकार कर उनके सामने ढाल बनकर खड़ी हो गई। इसी दौरान मधुलिका सिंह के भाई संजय सिंह पहुंचे और उन्होंने सभी मुस्लिम युवकों को आश्वस्त किया कि सब ठीक हो जाएगा। आप सभी सुरक्षित है। करीब 3 घंटे रहने के बाद मुस्लिम युवक एक-एक करके अपने घर चले गए।
माॅल में दुकान चलाने वाले दुकानदार दानेश ने इस वाकये की पुष्टि की है। दानेश के अनुसार हिंसा होने पर दुकान के ताले भी नही लगा पाए। गली में भीड़ आ गई। जिसे देखकर वापस माॅल में आ गया। ऊपर से दीदी मधुलिका सिंह आई। हमें कमरे में ले गई, चाय पिलाई। कहा- कमरे में बैठे रहो। मैं संभालती हूं। दानेश, तालिब खान और समीर खान का कहना है कि दीदी की वजह से हमें सुरक्षित जीवन मिल सका।
इन सभी का कहना है कि अचानक हुए घटनाक्रम से कुछ समझ नहीं पाए। इसलिए दुकानों की शटर तो खींच दी, लेकिन ताले नहीं लगा पाए। दीदी माॅल गेट बंद करके सब को बचा लिया। मधुलिका के अनुसार ये हिंदुस्तान है और हम राजपूत हैं। हमारा धर्म दूसरे की रक्षा करना है, चाहे उसका धर्म कुछ भी हो। शोभायात्रा पर मुस्लिमों द्वारा पथराव की कहानियों को दरकिनार करते हुए उन्होंने कहा, "इन लड़कों ने तो नहीं किया फिर इन्हें सजा क्यों मिले, मेरी अंतरात्मा मुझे कचोटती यदि मैं इनका खून बहता देखती।
करौली कलेक्टर द्वारा जांच के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय रिपोर्ट के अनुसार लगभग ढाई करोड़ की संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई है। इनमें सात हिन्दू और तिहत्तर मुस्लिम परिवार हैं। शोभायात्रा के दौरान हुए तनाव के बाद पुलिस की कार्यवाही में 46 उपद्रवी गिरफ्तार किए गए है। 7 को हिरासत में लिया गया है। जबकि पुलिस ने 21 वाहन जब्त कर लिए है। पुलिस ने 21 दुपहिया व चौपहिया वाहन भी जब्त किए है। करौली में फिलहाल तनाव पूर्ण शांति है। कर्फ्यू में ढील दी गई है।