IPL 2022 : शुरुआत से चमके ये भारतीय घरेलू खिलाड़ी टीम इंडिया में बना पाएंगे जगह

आईपीएल 2022 का आगाज हो गया है और हर बार की तरह इस बार भी शुरुआत से भारतीय युवा प्रतिभाओं ने अपना दमखम दिखाना शुरू कर दिया है। आईपीएल एक ऐसा मंच है जहां भारतीय घरेलू खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है। सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों ने इसी लीग में परफॉर्म कर टीम इंडिया तक का रास्ता तय किया है। ऐसे में इस साल भी कई ऐसे युवा खिलाड़ी हैं जो शुरुआत से ही सुर्खियां बटोर रहे हैं। इन खिलाड़ियों में 35 साल के शेल्डन जैक्सन के साथ दिल्ली कैपिटल्स के ललित यादव का नाम भी हैं। आइए इन खिलाड़ियों पर एक नजर डालते हैं- 

शेल्डन जैक्सन

कोलकाता नाइट राइडर्स के विकटे कीपर बल्लेबाज शेल्डन जैक्सन ने अपनी तेज तर्रार विकेट कीपिंग से हर किसी को प्रभावित किया है। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने खुद इस खिलाड़ी की तारीफ की है। जैक्सन विकेट की पीछे तो काफी तेज है मगर अभी तक वह बल्ले से कुछ कमाल नहीं दिखा पाए हैं। टीम इंडिया में अगर शेल्डन को जगह बनानी है तो उनकी रेस ऋषभ पंत और ईशान किशन जैसे युवा तूफानी बल्लेबाजों से है। ऐसे में उन्हें अपनी बल्लेबाजी पर काम करना होगा। फर्स्ट क्लास में इस खिलाड़ी का औसत 50 से अधिक का है। हालांकि अभी तक उन्हें भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिला है।

ललित यादव

दिल्ली कैपिटल्स के इस खिलाड़ी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुश्किल समय पर आकर 38 गेंदों पर 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 48 रन की नाबाद पारी खेली। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पिछले सीजन भी ललिय पर भरोसा जताया था और उसी कॉन्फीडेंस की वजह से यह खिलाड़ी आज उनके लिए मैज विजेता साबित हुआ है।

तिलक वर्मा 

मुंबई इंडियंस के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज तिलक वर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी 22 रन की छोटी मगर शानदार पारी खेली थी। 15 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से इस खिलाड़ी ने अपनी बल्लेबाजी की क्षमता का प्रदर्शन किया था। तिलक वर्मा की शानदार टाइमिंग देख हर्षा भोगले और इरफान पठान ने भी तारीफ की थी।

आयुष बदोनी

लखनऊ सुपर जाइंट्स का 22 साल का यह बल्लेबाज पिछले मैच में चर्चा का विषय था। केएल राहुल, क्विंटन डी कॉक, इवन लुईस और मनीष पांडे जैसे बड़े खिलाड़ियों के आउट होने के बाद आयुष ने 41 गेंदों पर 4 चौकों और तीन छक्कों की मदद से अपने पहले ही आईपीएल मैच में अर्धशतक लगाया। आयुष ने इस दौरान 54 रन की महत्वपूर्ण पारी खेल टीम का स्कोर 150 के पार ले जाने में मदद की थी।

अभिनव मनोहर

गुजरात टाइटंस के अभिनव मनोहर ने लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ फिनिशर की भूमिका निभाई थी। इस खिलाड़ी का बैट फ्लो देख हर कोई हैरान था। शानदार अंदाज में हिटिंग करते हुए अभिनव ने 7 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 15 रन बनाए और अपनी टीम को जीत दिलाई। आगे आने वाले मैचों में भी अभिनव मनोहर ने ऐसे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।