ई-श्रम कार्ड धारक श्रमिकों के पंजीयन शुरू, श्रमिक करेंगे धार्मिक स्थल का दर्शन

- भाजपा श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक ने की बातचीत

बांदा: प्रदेश की भाजपा सरकार अब श्रमिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराएगी। वहां ले जाकर उन्हें अपने धर्म और संस्कृति से परिचित कराया जाएगा। साथ ही इन स्थलों के निर्माण की स्थापत्य कला की जानकारी भी दी जाएगी। यह जानकारी भाजपा श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक भूपेश अवस्थी ने एक वार्ता के दौरान यह जानकारी दी।

बुंदेलखंड के दो दिवसीय दौरे पर आए भाजपा श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक भूपेश अवस्थी ने सीएमओ आवास के सामने एक रेस्टोरेंट में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उप्र भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड को श्रमिकों को धार्मिक यात्रा करवाने की जिम्मेदारी दी गई है। ई-श्रम कार्डधारक श्रमिक यात्रा के लिए श्रम विभाग के स्थानीय कार्यालय या आनलाइन अपना पंजीयन करवा सकते हैं। 

पंजीकृत श्रमिकों को बस के माध्यम से एक मई को मजदूर दिवस पर यात्रा में ले जाया जाएगा। संबंधित जिले के सबसे करीब धार्मिक या पर्यटन स्थल की यात्रा में उन्हें अपनी संस्कृति, पौराणिक इतिहास की जानकारी दी जाएगी। प्रदेश संयोजक ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालयों का संचालन भी बोर्ड करेगा।

श्रमिकों के बच्चों को अच्छी शिक्षा इनमें दी जाएगी। साथ ही कार्ड धारक श्रमिकों को अन्य लाभकारी योजनाओं का फायदा प्रदेश सरकार की ओर से दिया जा रहा है। इस दौरान भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे।