आईपीएल के 15वें सीजन में मिचेल मार्श के खेलने पर संशय

इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2022 के अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स सिर्फ दो विदेशी खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरी थी, क्योंकि टीम के पास विदेशी खिलाड़ी उपलब्ध नहीं थे। यहां तक कि अगले कुछ मैचों में यही दिक्कत टीम को फेस करनी पड़ेगी। इस बीच ऑस्ट्रेलियाई टीम के धाकड़ ऑलराउंडर मिचेल मार्श के आईपीएल के 15वें सीजन में खेलने पर संशय है, क्योंकि उनको गंभीर चोट लगी है और वे पाकिस्तान दौरे पर खेली जाने वाली सीमित ओवरों की सीरीज से बाहर हो गए हैं। 

मिचेल मार्श को आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा था। ऐसे में माना जा रहा है कि मिचेल मार्श को आईपीएल 2022 से भी बाहर होना पड़ेगा। मीडिया रिपोर्ट्स में ये बात सामने आई है कि वे आईपीएल से बाहर हो सकते हैं। ऐसे में इस स्थिति में जान लीजिए कि दिल्ली कैपिटल्स के लिए कौन सा विदेशी खिलाड़ी मार्श का बेस्ट रिप्लेसमेंट होगा। मौजूदा समय में देखा जाए तो विदेशी ऑलराउंडर बहुत कम आईपीएल के लिए उपलब्ध होंगे। 

हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स में मिचेल मार्श को रिप्लेस करने के लिए श्रीलंका की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान दसुन शनाका सबसे आगे हैं। उनके अलावा डेविड वीज और बेन कटिंग भी इस रेस में हैं, लेकिन शनाका पहली पसंद हो सकते हैं, क्योंकि उन्होंने हाल ही में भारत के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज में दमदार प्रदर्शन किया था। वे जल्दी उपलब्ध भी हो जाएंगे, क्योंकि श्रीलंका की टीम के पास मौजूदा समय में कोई असाइनमेंट नहीं है।