जम्मू कश्मीर के सभी जिलों में सुबह के समय भूकंप के झटके महसूस किए गए। इन झटकों के बाद अधिकांश लोग घरों से बाहर निकल गए। सुबह नौ बजकर 45 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। जम्मू संभाग के उधमपुर, डोडा, किश्तवाड़, पुंछ के साथ ही कश्मीर घाटी में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए।
थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया। लोग घरों से बाहर निकल आए। प्रशासन ने सभी जगहों से नुकसान की सूचना देने को कहा है। साथ ही लोगों को सुरक्षित रहने और प्राथमिकता के आधार पर सभी सुरक्षा उपायों का पालन करने का आग्रह किया। फिलहाल, कहीं भी जानमाल के नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, आज सुबह 9:45 बजे अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा क्षेत्र में रिक्टर स्केल पर 5.7 की तीव्रता का भूकंप आया।